सिंदुरिया चौराहे पर सदर विधायक ने किया आधुनिक शौचालय और विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
महराजगंज- विकासखंड मिठौरा क्षेत्र के सिंदुरिया चौराहे पर रविवार को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई विभिन्न विकास परियोजनाओं तथा आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण किया। इस दौरान ग्रामीणों, व्यापारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार विकास का पर्याय बन चुकी है। सरकार की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान और मजदूर वर्ग की प्रगति के लिए बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार करना है। इसी क्रम में सिंदुरिया क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता और आवागमन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए हैं। सिंदुरिया चौराहे पर स्थापित आधुनिक शौचालय से व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और खासकर महिलाओं को स्वच्छता की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा चौराहे की साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करेगी और राहगीरों को भी राहत देगी। स्वच्छता मिशन को और प्रभावी बनाने के लिए ऐसे निर्माण बेहद महत्वपूर्ण हैं। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामहरख गुप्ता ने भी परियोजनाओं को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से आवागमन में सुगमता आएगी और किसानों व मजदूरों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। नए निर्माण कार्यों से पंचायत क्षेत्र के विकास में गति आएगी। इस अवसर पर उपस्थित व्यापारियों ने विधायक का स्वागत किया और क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की। व्यापारियों ने कहा कि सिंदुरिया चौराहा अब बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित हो चुका है, जिससे व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। विधायक कन्नौजिया ने कहा कि क्षेत्र की सभी लंबित विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने जनता से सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि निरंतर प्रयासरत हैं।