अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला हत्या कर शव फेंकने की आशंका
महराजगंज- जिले के खुशहाल नगर रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला है। मृतक की उम्र लगभग 22 वर्ष है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, सिने पर वार से युवक की मौत हुई है। मृतक की जेब से केवल एक टूटी चिलम और दस रुपए का नोट बरामद हुआ है। न तो कोई मोबाइल फोन मिला और न ही कोई पहचान पत्र। इससे स्पष्ट है कि हत्यारों ने सभी सबूत मिटाने का प्रयास किया है।स्थानीय लोगों का मानना है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई है। जांच को भटकाने के लिए शव को खुशहालनगर रेलवे स्टेशन के पास रेल लाइन के किनारे फेंका गया है। घुघली थाने के प्रभारी कुंवर गौरव सिंह के अनुसार, पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
पुलिस टीम बिहार के बगहा और नरकटियागंज तक पहुंच गई है। आस पास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की जांच की जा रही है। पुलिस गैंगवार, निजी रंजिश और संगठित गिरोह के कोण से मामले की जांच कर रही है।