भू-माफियाओं की दबंगई, जबरन खेत में बो दी सरसों
महराजगंज- जिले में भू-माफियाओं की दबंगई का ताज़ा मामला सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बसंतपुर खुर्द गांव में सामने आया है। यहां परभंस पुत्र जयश्री ने अपने पैतृक भूमि पर जबरन कब्ज़ा करने और सरसों बोने का आरोप गांव के ही कुछ दबंग व्यक्तियों पर लगाया है। शिकायतकर्ता ने शुक्रवार को थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। परभंस ने तहरीर में लिखा है कि उनकी पैतृक संपत्ति गाटा संख्या-660 रकबा 5 डि0 और गाटा संख्या-658 रकबा 11 डि0 पर वे सब्ज़ी की खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि गांव के ही रामप्रसाद यादव, गामा यादव, सुदामा यादव (पुत्र चतुरी), मंटू यादव (पुत्र रामप्रसाद) और धर्मेंद्र यादव (पुत्र गामा) लंबे समय से उक्त ज़मीन पर नज़र गड़ाए हुए हैं। 3 सितंबर की सुबह लगभग 8 बजे परभंस अपने खेत में सब्ज़ियों की देखभाल कर रहे थे। तभी नामजद आरोपी मौके पर पहुंचे और जबरन कब्ज़ा करने की नियत से खेत में सरसों बोने लगे। परभंस के विरोध करने पर दबंग भड़क गए और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता का आरोप है कि दबंगों ने उन्हें घर से घसीटकर मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। लिखित तहरीर देने के बावजूद भी स्थानीय पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, बल्कि शिकायतकर्ता को थाने से भगा दिया। निराश होकर परभंस ने जनसुनवाई पोर्टल और सोशल मीडिया पर मामला वायरल कर दिया और उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और संबंधित हल्का दारोगा को मामले की जांच सौंपी गई है। प्राथमिक जांच में यह मामला आपसी कहासुनी का प्रतीत होता है और मारपीट की घटना असत्य पाई गई है। फिर भी नियमानुसार जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।गांव में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाज़ार गर्म है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने दबंगई पर अंकुश नहीं लगाया तो भविष्य में स्थिति और बिगड़ सकती है।