अनियंत्रित बाइक बस से टकराई एक महिला घायल
महराजगंज- बृजमनगंज-बहदुरी मार्ग पर टिकौली चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। जी.एस. नेशनल पब्लिक स्कूल की बस जब बच्चों को उतार रही थी, उसी दौरान पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल बस से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार रोहित और पीछे बैठी लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल सिद्धार्थनगर ज़िले के एकडंगवा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के रुकने के दौरान बच्चे उतर रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर बस से जा टकराई। ज़ोरदार टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज भेजा।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफ़र कर दिया। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घायलों का उपचार चल रहा है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव ज़्यादा रहता है, लेकिन सड़क पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए और गति सीमा का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।