महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

झाड़-फूंक के शक में महिला से मारपीट, पुलिस जांच में जुटी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल : पनियरा क्षेत्र की घटना, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू

महराजगंज | 30-Oct-2025 09:31 AM | 234 |
महराजगंज
पनियरा क्षेत्र की घटना, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू

 

महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र से एक अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया। झाड़-फूंक के शक में कुछ ग्रामीणों ने एक महिला के साथ मारपीट की और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दीपावली से एक दिन पहले रात में पनियरा क्षेत्र के एक ग्राम पंचायत के श्मशान घाट पर एक महिला पूजा-पाठ कर रही थी।

 इसी दौरान कुछ ग्रामीण वहां पहुंच गए। महिला की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने बिना पुष्टि के उस पर झाड़-फूंक और तांत्रिक क्रियाएं करने का आरोप लगाया। 

देखते ही देखते दर्जनभर लोग वहां इकट्ठा हो गए और गाली-गलौज करते हुए महिला से मारपीट करने लगे।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला बार-बार दया की गुहार लगाती रही, लेकिन कोई भी ग्रामीण उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद से पीड़ित महिला और उसका परिवार भयभीत है और बताया जा रहा है कि वे गांव छोड़कर कहीं और चले गए हैं।

 पुलिस सूत्रों ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है और आरोपियों की पहचान के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है, चाहे मामला आस्था या अंधविश्वास से जुड़ा क्यों न हो। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि ग्रामीण समाज में अंधविश्वास और झाड़-फूंक जैसी कुप्रथाएं अब भी किस हद तक गहरी जड़ें जमाए हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में कानून का सहारा लें और अफवाहों या अंधविश्वास के आधार पर किसी निर्दोष को नुकसान न पहुंचाएं

 

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.