PHM NEWS

राजघाट पर मूर्ति विसर्जन

प्रकाशित: 01 Oct 2025

राजघाट पर मूर्ति विसर्जन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, सीओ नगर ने दिए निर्देश

अजीत प्राताप यादव 

रायबरेली। आगामी मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में थाना क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार द्वारा मंगलवार को राजघाट पर पहुंचकर विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य घाट पर मौजूद व्यवस्थाओं की स्थिति का आकलन करना और वहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना था।

निरीक्षण के दौरान सीओ नगर ने घाट की साफ-सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग की स्थिति और संभावित भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह से मुस्तैद रहे।

सीओ नौहवार ने स्पष्ट किया कि विसर्जन कार्यक्रम के दौरान शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पहले से ही समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था हो, साफ-सफाई बनी रहे और जलस्तर को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग इस प्रकार की जाए कि कोई भी श्रद्धालु असुरक्षित क्षेत्र में न जाए।

भीड़ प्रबंधन को लेकर उन्होंने पुलिस कर्मियों को विशेष रूप से सतर्क रहने और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही मौके पर पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने पर भी जोर दिया गया, ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सीओ नगर ने आम जनता से भी अपील की कि विसर्जन कार्यक्रम में संयम और सहयोग बनाए रखें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा है।