PHM NEWS

सीएम डैशबोर्ड के तहत अगस्त माह की समीक्षा बैठक सम्पन्न

प्रकाशित: 27 Sep 2025

सीएम डैशबोर्ड के तहत अगस्त माह की समीक्षा बैठक सम्पन्न

रायबरेली।

अजीत प्राताप यादव 7347810927

 जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत अगस्त माह की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, पेयजल, बिजली, उद्यान, खाद्य एवं आपूर्ति, पेंशन, मनरेगा सहित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।

बैठक के दौरान डीएम ने सीएम डैशबोर्ड को सरकार की प्राथमिकताओं की प्रभावी निगरानी का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इसके जरिए शासन स्तर पर योजनाओं की वास्तविक प्रगति की जानकारी मिलती है, जिससे जिलास्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित होता है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान कुछ विभागों की कार्यशैली पर असंतोष जताते हुए डीएम ने डीसी मनरेगा तथा जिला युवा कल्याण अधिकारी का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी जल्द सुधारात्मक कदम उठाएं और पुनः रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में जाकर योजनाओं की जमीनी हकीकत की जांच करें और जनता को योजनाओं का लाभ दिलाने में कोई कोताही न बरतें। साथ ही कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी विभागाध्यक्षों की जिम्मेदारी है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के अंत में डीएम ने विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और समयबद्ध रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए।