PHM NEWS

रायबरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मंदिरों से घंटे चोरी करने वाला अंतरजनपदीय गिरोह गिरफ्तार

प्रकाशित: 13 Jan 2026

रायबरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मंदिरों से घंटे चोरी करने वाला अंतरजनपदीय गिरोह गिरफ्तार

रायबरेली | 12 जनवरी 2026

रायबरेली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के 07 शातिर अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से 03 क्विंटल 13 किलो वजनी पीतल के घंटे, ₹7000 नकद, अवैध तमंचा, कारतूस, लोहे की सड़ासी तथा घटना में प्रयुक्त कार (UP75 AU 3343) बरामद की गई है।

घटना का विवरण

दिनांक 6/7 जनवरी 2026 की रात थाना जगतपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शंकरपुर स्थित दुर्गा देवी मंदिर से अज्ञात चोरों द्वारा पीतल के घंटे चोरी कर लिए गए थे। मामले में थाना जगतपुर पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस अधीक्षक रायबरेली डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में एसओजी व सर्विलांस टीम द्वारा 11/12 जनवरी की रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवारों द्वारा फायरिंग की गई, जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त

गिरफ्तार अभियुक्तों में गोविंद सिंह उर्फ आकाश, मोहन भदौरिया, आबिद, आनंद कुमार गिरी, बबलू सिंह उर्फ शिवकृष्ण सिंह, सुनील कुमार पोरेल एवं सुमन शामिल हैं।

अपराध करने का तरीका

अभियुक्त मंदिरों की रेकी गूगल मैप व फोटो के माध्यम से करते थे। रात के समय कार से पहुंचकर मंदिरों से घंटे चोरी करते और सुबह होते ही कबाड़ी बाजार में बेचकर फरार हो जाते थे।

पूर्व में भी कई घटनाओं में संलिप्त

पूछताछ में अभियुक्तों ने उन्नाव, रायबरेली व अन्य जनपदों में मंदिरों से घंटा चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। अभियुक्तों के विरुद्ध पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम को इनाम

घटना का सफल अनावरण करने वाली थाना जगतपुर पुलिस टीम एवं एसओजी/सर्विलांस टीम को ₹20,000/- नकद इनाम से पुरस्कृत किया गया है।