सीकर. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार को सीकर पहुंचे। वे बीकानेर से जयपुर जाते समय कुछ देर के लिए सीकर रेलवे स्टेशन पर रुके, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी के साथ पहुंचे राठौड़ का जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ के नेतृत्व में पार्टी का दुपट्टा, माला और भगवान की तस्वीर भेंट कर अभिनंदन किया गया।
रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मदन राठौड़ ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी को काफी हद तक नियंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर आम जनता पर पड़ता है, लेकिन पूरी दुनिया में इसके प्रभाव अधिक देखने को मिले हैं।
राठौड़ ने कहा कि अमेरिका में ईंधन दरों में लगभग 56 प्रतिशत, चीन में 34 प्रतिशत तथा कई देशों में 40 से 48 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, जबकि भारत में यह भार लगभग 4.5 प्रतिशत ही बढ़ा है। उन्होंने कांग्रेस शासन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय 36 प्रतिशत वैट बढ़ाया गया था, जो उचित नहीं था।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत के आह्वान के तहत वे और प्रदेश महामंत्री ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं। जहां रेल सुविधा उपलब्ध हो, वहां ट्रेन यात्रा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
जिला मीडिया संयोजक जितेंद्र माथुर ने बताया कि इस अवसर पर पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, हरिराम रणवां, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, गजानंद कुमावत, श्रवण चौधरी, राजेश रोलन और रमेश जलधारी सहित कई भाजपा नेता उपस्थित रहे।











