जयपुर में आबुस्वरूप महिला पशु पालक एफपीओ को राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार |
जयपुर में आबुस्वरूप महिला पशु पालक एफपीओ को राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार
जयपुर स्थित संविधान भवन में नाबार्ड द्वारा आयोजित स्टेट क्रेडिट सेमिनार 2026–27 के दौरान आबुस्वरूप महिला पशु पालक प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) को राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास तथा नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आर. रवि बाबू के हाथों प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग की मुख्य सचिव मंजू राजपाल भी मौजूद रहीं।
आबुस्वरूप महिला पशु पालक प्रोड्यूसर कंपनी का गठन नाबार्ड और प्रदान संस्था के सहयोग से लगभग 3000 महिला किसानों को जोड़कर किया गया है। यह कंपनी आबूरोड और पिंडवाड़ा तहसील के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में बकरीपालन, मुर्गीपालन, पशुपालन, कृषि गतिविधियों तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। साथ ही महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने, उन्हें लाभ दिलाने और समय-समय पर तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य, संस्था के माध्यम से निरंतर किया जा रहा है।
सिर्फ दो वर्षों में कंपनी दो करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी है। एफपीओ के माध्यम से सिरोही नस्ल की बकरी एवं मुर्गीपालन से जुड़े उत्पादों का क्रय-विक्रय, पशु आहार उपलब्ध कराना, कृषि हेतु बीज-खाद वितरण तथा किसानों की फसलों की खरीद जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिससे महिला किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इस अवसर पर कंपनी की डायरेक्टर हिमा और गुजरी, प्रदान टीम के कोऑर्डिनेटर सुमीत कुमार तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी चेतन चौहान सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कंपनी को इस मुकाम तक पहुंचाने में नाबार्ड और प्रदान संस्था के आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुरस्कार प्राप्ति के बाद कंपनी के निदेशकों ने प्रदान संस्था आबूरोड तथा नाबार्ड सिरोही के डीडीएम डॉ. दिनेश के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट@अनीश मेमन PHM न्यूज