आईएफडब्ल्यूजे ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन : फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी प्रतिबंध हटाने की मांग
आईएफडब्ल्यूजे ने जिला कलेक्टर को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
विद्यालयों में फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध के आदेश को निरस्त करने की करने की मांग
रिपोर्ट:अनीस मेमन PHM न्यूज स्वरूपगंज सिरोही राजस्थान
सिरोही। जिला मुख्यालय पर सोमवार को इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) के जिलाध्यक्ष अशोक कुमावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी पर लगाए गए प्रतिबंध संबंधी आदेश को निरस्त करने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष अशोक कुमावत ने कहा कि विद्यालयों में जर्जर भवन, विद्यार्थियों की सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं की कमी, शिक्षकों की लापरवाही एवं अन्य व्यवस्थागत कमियों को सामने लाने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि संस्था प्रधान की पूर्व अनुमति को अनिवार्य किए जाने से जनहित से जुड़े मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग प्रभावित होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार सरकार के विरोधी नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच लोकतांत्रिक सेतु की भूमिका निभाते हैं। सरकारी व्यवस्थाओं में मौजूद कमियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को तथ्यात्मक रूप से सामने लाना पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व है। ऐसे में आदेश की पुनः समीक्षा कर इसे निरस्त किया जाना चाहिए।
ज्ञापन के दौरान जिला महासचिव हरिपाल सिंह, जिला प्रवक्ता लियाकत अली, पिण्डवाड़ा विधानसभा प्रभारी मोहम्मद युसूफ, पिण्डवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप शर्मा, रमेश टेलर, जगेसिंह देवड़ा, लक्ष्मण भाटी, सवाराम परिहार, वचनाराम एवं राकेश चंदेल सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।