PHM NEWS

जनगणना 2027: सिरोही में अधिकारियों ने की स्वगणना

प्रकाशित: 02 May 2026

जनगणना 2027 अधिकारियों ने की स्वगणना,आमजन को किया प्रेरित

सिरोही, 2 मई। जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में स्वगणना की प्रक्रिया 01 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जो 15 मई 2026 तक चलेगी। इसके पश्चात प्रगणकों द्वारा मकान सूचीकरण का कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा।

जिला न्यायाधीश अजय शर्मा, प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं पोर्टल पर स्वगणना कर आमजन को इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सावित्री आनंद निर्भीक, पोक्सो न्यायालय के विशिष्ट न्यायाधीश अनूप पाठक, फैमिली कोर्ट न्यायाधीश सुरेंद्र सिंह सांदू, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित डाबी, न्यायिक मजिस्ट्रेट वीणा सुवालका, वरिष्ठ सिस्टम अधिकारी कमलेश कुमार एवं एएसपी किशोर सिंह चौहान ने भी स्वगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सफलतापूर्वक सबमिट की।

अधिकारियों द्वारा स्वगणना पूर्ण करने पर उन्हें SE ID प्राप्त हुई, जिसके आधार पर प्रगणक फील्ड सर्वे के दौरान दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे।

📊 जनगणना 2027 के चरण

प्रथम चरण:

स्वगणना: 01 मई से 15 मई 2026

मकान सूचीकरण: 16 मई से 14 जून 2026

द्वितीय चरण:

नागरिकों की गणना: फरवरी 2027 (प्रस्तावित)

जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में पोर्टल पर स्वगणना कर अपनी जानकारी अवश्य दर्ज करें।

उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया पहल के अंतर्गत इस बार जनगणना में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है, जिससे डेटा संग्रहण की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित होगी।

जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नीति निर्माण का आधार होते हैं, इसलिए इसमें जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।