अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 300 से अधिक महिला किसानों की भागीदारी
रिपोर्ट@अनीश मेमन PHM न्यूज स्वरूपगंज
आबूरोड में महिला किसान मेला एवं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन
आबूरोड | जिला सिरोही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अबूस्वरूप महिला पशुपालक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड तथा अबूपर्वत महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा मुंगथला,आबूरोड में महिला किसान मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र की महिला किसानों की पहचान, नेतृत्व और सामूहिक शक्ति को सम्मान देना तथा उन्हें कृषि एवं पशुपालन आधारित आजीविका से सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में दिनेश प्रजापत (जिला विकास प्रबंधक – DDM, नाबार्ड सिरोही), डॉ. मुकेश चौधरी (संयुक्त निदेशक, पशुपालन विभाग), डॉ. सुरेश खींची (मुख्य वैज्ञानिक, केवीके सिरोही), राजनीश (सचिव, कृषि उपज मंडी आबूरोड), बृजमोहन (क्षेत्रीय प्रबंधक, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक – RMGB), नम्रता मीणा (शाखा प्रबंधक, RMGB माणपुर), सुमीत कुमार (टीम कोऑर्डिनेटर, PRADAN), पशुपालन विभाग के वरिष्ठ पशु चिकित्सक, FPO की निदेशक सविता बाई एवं हेमलता रावल, FPO के CEO चेतन चौहान तथा PRADAN के स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान दोनों FPO के निदेशकों ने अपनी संस्थाओं की प्रगति और उपलब्धियों को साझा किया तथा महिला किसानों की प्रेरणादायक यात्रा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने सामूहिक रूप से संगठित होकर कृषि एवं पशुपालन आधारित आजीविका को मजबूत किया है। साथ ही इस यात्रा में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थानों एवं हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक दिनेश प्रजापत ने महिला किसानों और FPO के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाबार्ड द्वारा अबूस्वरूप महिला पशुपालक प्रोड्यूसर कंपनी को ₹14.03 लाख का इक्विटी मैचिंग ग्रांट प्रदान किया गया है, जिससे कंपनी की संस्थागत क्षमता और पूंजी सुदृढ़ हुई है।
डॉ. मुकेश चौधरी, संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग ने किसानों को विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे पशु बीमा, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण तथा पशु स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी दी और किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
डॉ. सुरेश खींची, मुख्य वैज्ञानिक केवीके सिरोही ने किसानों एवं FPO के लिए केवीके द्वारा उपलब्ध तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान आधारित सेवाओं की जानकारी दी तथा भविष्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बृजमोहन, क्षेत्रीय प्रबंधक RMGB ने बैंक द्वारा किसानों एवं FPO के लिए उपलब्ध वित्तीय सेवाओं एवं ऋण सुविधाओं के बारे में जानकारी दी और महिला किसान संगठनों को आगे बढ़ाने हेतु बैंक की ओर से पूर्ण सहयोग देने की बात कही। वहीं कृषि उपज मंडी आबूरोड के सचिव राजनीश ने FPO को मंडी से संबंधित सेवाओं तथा कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस कार्यक्रम में आबूरोड और पिंडवाड़ा ब्लॉक के विभिन्न गांवों से 300 से अधिक महिला किसानों ने भाग लिया। महिला किसान मेले ने महिलाओं को सीखने, अनुभव साझा करने तथा आपसी सहयोग को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
यह आयोजन महिलाओं की किसान के रूप में पहचान, उनकी सामूहिक शक्ति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महिला किसान संगठनों (FPO) की महत्वपूर्ण भूमिका का एक सशक्त प्रतीक रहा।