पिंडवाड़ा
रेिपोर्ट:-अनीस मेमन PHM NEWS
ब्रेकिंग न्यूज़ | पिंडवाड़ा,सिरोही
पिंडवाड़ा को रेलवे जंक्शन घोषित करने की मांग पर ऐतिहासिक बंद,जन संघर्ष समिति के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब
पिंडवाड़ा रेलवे स्टेशन को जंक्शन घोषित करने की पुरज़ोर मांग को लेकर मंगल वार पूरा पिंडवाड़ा बंद रहा। पिंडवाड़ा जन संघर्ष समिति के आह्वान पर कस्बे में अभूतपूर्व जन समर्थन देखने को मिला। व्यापारिक प्रतिष्ठान,बाजार और निजी संस्थान पूरी तरह बंद रहे।
अम्बेडकर भवन से शुरू हुई विशाल जन रैली में सैकड़ों ग्रामीणों,व्यापारियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रैली पिंडवाड़ा के प्रमुख मार्गों से होते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंची,जहां प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं।
जन संघर्ष समिति ने आरोप लगाया कि पिंडवाड़ा जैसे औद्योगिक, शैक्षणिक और भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कस्बे की अनदेखी कर स्वरूपगंज में रेलवे सर्वे कराना क्षेत्र की जनता के साथ सीधा अन्याय है। समिति का कहना है कि पिंडवाड़ा वर्षों से रेलवे जंक्शन बनने की सभी आवश्यकताओं को पूरा करता है।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। एसडीएम कार्यालय के बाहर भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। हालांकि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।
प्रदर्शनकारियों ने उपखंड अधिकारी नरेंद्र जांगिड़ को ज्ञापन सौंपते हुए पिंडवाड़ा रेलवे स्टेशन को शीघ्र जंक्शन घोषित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को जिला व राज्य स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।
जन संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन राजनीतिक नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है।