PHM NEWS

सिरोही के 80,279 किसानों को मिला लाभ

प्रकाशित: 13 Mar 2026

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी, देशभर के 9.32 करोड़ किसानों को मिला लाभ
सिरोही | 13 मार्च 2026 भारत सरकार की फ्लैगशिप योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत माननीय प्रधानमंत्री द्वारा शुक्रवार 13 मार्च 2026 को शाम 5 बजे गुवाहाटी (असम) में आयोजित “पीएम-किसान उत्सव दिवस” के अवसर पर योजना की 22वीं किस्त जारी की गई।
इस किस्त के तहत देशभर के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से 18,650 करोड़ रुपये की सम्मान राशि हस्तांतरित की गई।
वहीं राजस्थान राज्य में 66.76 लाख किसानों को कुल 1335.20 करोड़ रुपये की राशि का लाभ प्राप्त हुआ। राज्य स्तर पर जयपुर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सानिध्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सिरोही जिले में 80,279 किसानों को मिला लाभ
सिरोही जिले के 80,279 पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त के तहत 16.05 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई।
जिला स्तर पर यह कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, सिरोही के सेमिनार हॉल में 13 मार्च 2026 को शाम 5 बजे आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, सीसीबी सिरोही के प्रबंध निदेशक पूनाराम चोयल, जिले के जनप्रतिनिधि तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने जिले के किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिलने पर बधाई दी और भारत सरकार व राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूनाराम चोयल, प्रबंध निदेशक, सिरोही सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक ने बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले में राज्य सरकार द्वारा 5 गोदाम स्वीकृत किए गए हैं।
फसली ऋण व पशुपालकों को भी मिला लाभ
शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर फसली ऋण वितरण योजना के तहत जिले के 50,160 किसानों को 272.54 करोड़ रुपये का ऋण प्रदान किया गया।
इसके अलावा गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 1,483 पशुपालकों को 14.43 करोड़ रुपये का बिना ब्याज का ऋण दिया गया, जो कि राज्य में लक्ष्य प्राप्ति प्रतिशत के मामले में सबसे अधिक है।

न्यूज@प्रो.ऑफिस