PHM NEWS

सिरोही पिण्डवाड़ा में खनन परियोजना के विरोध

प्रकाशित: 15 Nov 2025

सिरोही:पिण्डवाड़ा में खनन परियोजना को लेकर सरकार के विरुद्ध ग्रामीणों का गहरा असंतोष,

आगामी सभी चुनाव में सामूहिक रूप से मतदान बहिष्कार का निर्णय

सिरोही:पिण्डवाड़ा क्षेत्र कमलेश मेटाकास्ट प्रा. लि. की प्रस्तावित खनन परियोजना का विरोध तेज होता जा रहा है।

पिण्डवाड़ा उपखण्ड के भारजा,वाटेरा, तरुंगी सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में कमलेश मेटाकास्ट प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तावित खनन परियोजना के विरोध की आग और भड़क गई है। गुरुवार देर रात भारजा व वाटेरा में ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें खनन परियोजना को लेकर बढ़ती चिंता और सरकार की चुप्पी पर गहरा असंतोष जताया गया।

सीएम के जवाब से ग्रामीण नाखुश

ग्रामीणों ने बताया कि मुख्यमंत्री के हालिया जवाब से जनता में गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की भावनाओं और संभावित पर्यावरणीय असर को सरकार के मुखिया समझ नहीं पाए, जिससे लोगों में रोष और बढ़ गया है।

वाटेरा ग्रामीणों का बड़ा निर्णय-चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

वाटेरा में हुई बैठक में एक अहम फैसला लेते हुए ग्रामीणों ने कहा कि जब तक खनन परियोजना पर स्पष्ट समाधान नहीं आता, तब तक वे सामूहिक रूप से आने वाले सभी चुनावों में मतदान का बहिष्कार करेंगे।

तरुंगी में आज बड़ी बैठक

गुरुवार की बैठकों के बाद आज तरुंगी में ग्रामीणों की एक और बड़ी बैठक रखी गई है, जिसमें आगामी आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।

रणनीति पर मंथन-कई अहम निर्णय

बैठकों में ग्रामीणों ने आगामी आंदोलन की रणनीति पर गहन मंथन किया। बताया गया कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं दिया तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित खनन परियोजना क्षेत्र के पर्यावरण, जलस्रोतों और जनजीवन पर गंभीर असर डाल सकती है, इसलिए इसे हर हाल में रोका जाना चाहिए।