खाली पड़े घर में लगी आग, सामान जलकर राख अछल्दा आग, तेहराजपुर गांव, घर में आग, अर्पित अवस्थी, लेखपाल रिपोर्ट अछल्दा (औरैया)। अछल्दा थाना क्षेत्र के तेहराजपुर गांव में शुक्रवार की रात एक खाली ...
खाली पड़े घर में लगी आग, सामान जलकर राख
अछल्दा आग, तेहराजपुर गांव, घर में आग, अर्पित अवस्थी, लेखपाल रिपोर्ट
अछल्दा (औरैया)। अछल्दा थाना क्षेत्र के तेहराजपुर गांव में शुक्रवार की रात एक खाली पड़े घर में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। गांव निवासी अर्पित अवस्थी के घर में अज्ञात कारणों से लगी इस आग ने देखते ही देखते भयंकर रूप ले लिया। बताया गया कि घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। पड़ोस में रहने वाले सुंदर तिवारी ने जब घर से धुआं उठता देखा, तो उन्होंने तुरंत ताला खोलकर अंदर झांका, जहां कमरे में आग भड़क रही थी।
शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया। लेकिन तब तक घर के अंदर रखा बेड, फ्रिज, टीवी, अलमारी, कपड़े और अन्य गृहस्थी का सामान पूरी तरह से जलकर राख हो चुका था। घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल पंकज पुष्कर मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन संभावना है कि शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ से आग भड़की हो।
गांव में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर के सभी सामान के जलने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।