तहसील फतेहपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को समय करीब 10 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि तहसील फतेहपुर से देवा जा रहे एक ऑटो को तेज रफ्तार डंपर ने भदनेवा मोड...
तहसील फतेहपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को समय करीब 10 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि तहसील फतेहपुर से देवा जा रहे एक ऑटो को तेज रफ्तार डंपर ने भदनेवा मोड़ के पास जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक विपिन कुमार (18 वर्ष), पुत्र प्रमोद कुमार निवासी रैक्वारनपुरवा थाना फतेहपुर, रोज़ाना की तरह ऑटो चलाकर सवारी लेकर देवा की ओर जा रहे थे। उनके ऑटो में सवार मंजू (50 वर्ष) पत्नी प्रेम कुमार, उनका बेटा भोला तिवारी (18 वर्ष) और बेटी काव्या तिवारी (15 वर्ष), निवासी सांगे नगर थाना देवा, अपने मायके लौना, तहसील महमूदाबाद जनपद सीतापुर से लौटकर देवा आ रहे थे। इनके साथ ही मंशाराम (50 वर्ष) पुत्र नत्था निवासी ग़ौसापुर थाना बड्डूपुर भी सफर कर रहे थे।
सभी यात्री जैसे ही फतेहपुर–बाराबंकी मार्ग पर स्थित भदनेवा मोड़ के पास पहुंचे, तभी बाराबंकी की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर बेकाबू होकर ऑटो में भिड़ गया। अचानक हुई इस दुर्घटना में ऑटो बुरी तरह से पिचक गया और चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया। हालांकि, ऑटो चालक विपिन कुमार की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया।