भरतपुर, राजस्थान — भरतपुर जिले के रुदावल कस्बे में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रुदावल बस स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक ट्रेलर ने बाइक सवार महिला क...
भरतपुर, राजस्थान — भरतपुर जिले के रुदावल कस्बे में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रुदावल बस स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक ट्रेलर ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय मालती पत्नी सत्येंद्र प्रजापत, निवासी गांव सायपुर, थाना गढ़ी बाजना के रूप में हुई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की खबर फैलते ही मृतका के परिजन और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आक्रोश में ट्रेलर को सड़क पर आड़ा लगाकर जाम लगा दिया। जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर सीएचसी रुदावल की मोर्चरी में रखवा दिया। हालांकि, इसके बाद भी ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वे मोर्चरी पर पहुंचकर हंगामा करने लगे और जबरन शव को ले जाने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा समझाने-बुझाने पर भी भीड़ उग्र बनी रही और इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस अधिकारियों ने अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। वहीं, परिजनों ने प्रशासन से मृतका के लिए मुआवजे और दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
📞 रिपोर्टर: रामकुमार उपाध्याय, भरतपुर (राजस्थान)
संपर्क: 8058237003