बारिश और तेज हवाओं के बीच डीएम ने शहर का लिया जायजा : सड़क पर गिरी पेड़ की टहनी तत्काल हटवाई, बहाल कराया आवागमन
बारिश और तेज हवाओं के बीच डीएम ने शहर का लिया जायजा
सड़क पर गिरी पेड़ की टहनी तत्काल हटवाई, बहाल कराया आवागमन
विद्युत कंट्रोल रूम पहुंचकर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
देवरिया,।
बारिश और तेज हवाओं के बीच जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को नगरीय क्षेत्र का भ्रमण कर जलभराव, पेड़ गिरने और विद्युत आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शहर में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर पालिका एवं नगर निकायों के अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें और जलभराव की स्थिति पर सतर्क नजर रखें। उन्होंने कहा कि कहीं भी जलभराव अथवा आवागमन में बाधा उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए भी तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।
सलेमपुर मार्ग पर सावित्री अस्पताल के निकट भ्रमण के दौरान सड़क पर पेड़ की टहनी गिरी होने से आवागमन बाधित मिला। जिलाधिकारी ने तत्काल टहनी हटवाकर सड़क पर आवागमन बहाल कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तेज हवाओं के कारण पेड़ या उनकी शाखाएं गिरने की स्थिति में तत्काल उन्हें हटाया जाए, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
इसके बाद जिलाधिकारी ने 132 केवीए भटवलिया उपकेंद्र का औचक निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ट्रिपिंग की समस्या को कम करने तथा तेज हवाओं के कारण जहां भी विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है, उसे तत्काल बहाल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
जिलाधिकारी ने ट्यूबवेल कॉलोनी स्थित अधीक्षण अभियंता विद्युत के कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे जनपद में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को किसी भी व्यवधान की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।