बारिश में छाता लेकर फरियादियों के बीच पहुंचे डीएम, सुनीं समस्याएं
देवरिया, ।
जनपद में हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। नगरीय क्षेत्र के भ्रमण के लिए निकल रहे जिलाधिकारी की नजर कलेक्ट्रेट परिसर में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और गाड़ी से उतरकर बारिश के बीच छाता लेकर फरियादियों के बीच पहुंच गए।
जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बारिश के बावजूद जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर फरियादियों ने बेझिझक अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी की शिकायतों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के इस संवेदनशील रवैये से फरियादियों में संतोष नजर आया। बारिश के बीच डीएम का स्वयं उनके पास पहुंचकर समस्याएं सुनना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।