देवरिया में मसाला प्रतिष्ठानों पर सघन जांच, बिना लाइसेंस संचालकों को नोटिसदेवरिया। जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य मसाला निर्माण एवं बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ तीन दिवसीय सघन निरीक्ष...
देवरिया में मसाला प्रतिष्ठानों पर सघन जांच, बिना लाइसेंस संचालकों को नोटिस
देवरिया। जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य मसाला निर्माण एवं बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ तीन दिवसीय सघन निरीक्षण अभियान चलाया। 6 से 8 जुलाई तक चले अभियान में 18 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान बिना खाद्य लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए तत्काल संचालन बंद करने और शीघ्र लाइसेंस प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। जांच के दौरान ऐसे कई प्रतिष्ठान भी मिले, जिनके पास खाद्य लाइसेंस तो है, लेकिन वे वर्तमान में संचालित नहीं हो रहे हैं। ऐसे संचालकों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना लाइसेंस सरेंडर करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान रुद्रपुर और नगर पालिका क्षेत्र से खाद्य मसालों के चार नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्र तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेम चंद्र, नेहा त्रिपाठी, राजू पाल, घनश्याम वर्मा, श्रीराम यादव और राम सिंगार यादव शामिल रहे।