शिक्षकों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड, डीबीटी योजना का हुआ शुभारंभदेवरिया, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 की डीबीटी योजना के शुभारंभ के अवसर पर मंगलवार को ...
शिक्षकों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड, डीबीटी योजना का हुआ शुभारंभ
देवरिया, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 की डीबीटी योजना के शुभारंभ के अवसर पर मंगलवार को देवरिया क्लब में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वाराणसी स्थित हस्तकला संकुल से हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम रहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ शिक्षकों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। साथ ही शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए डीबीटी योजना के शुभारंभ की जानकारी भी दी गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने योजना की रूपरेखा और लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल शिक्षा विभाग से जुड़े कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक तथा विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन पंकज शुक्ला ने किया, जबकि अंत में अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।