कन्नौज। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद कन्नौज पुलिस महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना तालग्राम पर नियुक्त महिला बीट आरक्षियों, जिन्हें “शक्ति...
कन्नौज। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद कन्नौज पुलिस महिला सुरक्षा और जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना तालग्राम पर नियुक्त महिला बीट आरक्षियों, जिन्हें “शक्ति दीदी” कहा जाता है, ने स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर छात्राओं व महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
अभियान के दौरान छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के बारे में विस्तार से बताया गया। “शक्ति दीदी” ने महिला सुरक्षा के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090, 1076, UP-112 आदि के उपयोग की जानकारी दी और समझाया कि किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत इन नंबरों पर मदद ली जा सकती है।
साइबर अपराध से बचाव के लिए भी छात्राओं को जागरूक किया गया। महिला आरक्षियों ने मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले खतरों की जानकारी दी और सलाह दी कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या धमकी की तुरंत सूचना पुलिस और परिवार को दें।
इसके साथ ही छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बताया गया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के साथ-साथ आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है।
विद्यालयों और कॉलेजों में आयोजित इस कार्यक्रम का छात्राओं और शिक्षकों ने स्वागत किया। छात्राओं ने कहा कि ऐसे अभियानों से उन्हें सुरक्षा उपायों की सही जानकारी मिलती है और आत्मविश्वास बढ़ता है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि कन्नौज पुलिस मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार जनपद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है ताकि हर महिला सुरक्षित वातावरण में पढ़-लिख सके और समाज में निर्भीक होकर आगे बढ़ सके।