जनपद के नयागांव थाना क्षेत्र के ग्राम खरसुलिया के मजरा नगला गढ़ा में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेत से लौट रहे एक किसान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय मोहरपाल सिंह पुत्र रूपराम शाम करीब छह बजे अपने खेत से लौट रहे थे। इसी दौरान खरसुलिया और नगला गढ़ा के बीच अरविंद सिंह के ट्यूबवेल के पास कोई अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गया।
गंभीर हालत में घायल मोहरपाल को परिजन इलाज के लिए लेकर निकले, लेकिन रास्ते में कस्बा सराय अगहत स्थित सूरज क्लीनिक पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची नयागांव पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेज दिया।मृतक के पुत्र अभिषेक राजपूत ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।