एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्याम नारायण सिंह ने बुधवार, 19 नवंबर 2025 को अलीगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रबंधन, अभिलेखों और जनसुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण ...
एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्याम नारायण सिंह ने बुधवार, 19 नवंबर 2025 को अलीगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रबंधन, अभिलेखों और जनसुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण बुधवार की रात्रि को किया गया। जिसकी जानकारी एटा पुलिस मीडिया सेल ने प्रेस नोट जारी कर बुधवार की रात्रि करीब दस बजकर चालीस मिनट पर दी है।
निरीक्षण में थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेख प्रबंधन, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला सहायता डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक रजिस्टर और शौचालयों की व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया गया।
प्रभारी निरीक्षक अलीगंज ने एसएसपी को थाना क्षेत्र की अपराध स्थिति, लंबित प्रकरणों, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की प्रगति और वर्तमान में चल रहे अभियानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ शालीनता, सहानुभूति और संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क को सशक्त बनाने और महिलाओं व बालिकाओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीएनएस अभिलेखों और शिकायत रजिस्टरों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मालखाने में रखे गए माल और अभिलेख व्यवस्थित रूप से सुरक्षित होने चाहिए तथा अनावश्यक लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। लंबित विवेचनाओं की साप्ताहिक समीक्षा कर उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के बाद, एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने पुलिस कर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, तत्परता और जनसेवा की भावना के साथ करने के लिए प्रेरित किया।