एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के जवाहरपुर अर्थरा गांव में बकरियों के लिए पत्ते तोड़ते समय एक 10 वर्षीय किशोर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर का शव करीब एक घंटे तक पेड़ पर उल्टा ल...
एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के जवाहरपुर अर्थरा गांव में बकरियों के लिए पत्ते तोड़ते समय एक 10 वर्षीय किशोर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर का शव करीब एक घंटे तक पेड़ पर उल्टा लटका रहा। परिजनों को अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने मौके पर जाकर देखा, जिसके बाद विद्युत विभाग को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान अल्तमश पुत्र वाजिद अली निवासी जवाहरपुर अर्थरा के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे एटा
के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को वापस घर ले गए।
मृत किशोर के चाचा अशरफ हुसैन ने बताया कि उनका भतीजा खेतों की तरफ गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईटेंशन लाइन बहुत नीचे, करीब 8 फुट की ऊंचाई से गुजर रही है।
विद्युत लाइन की चपेट में आने से अल्तमश की मौके पर ही मौत हो गई और वह काफी देर तक पेड़ पर लटका रहा। उन्होंने बिजली विभाग को जानकारी देने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया।
इस मामले पर जब पिलुआ थाना प्रभारी संजय राघव से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि थाना स्तर पर ऐसी किसी भी घटना की कोई जानकारी नहीं है।