एटा। मे नगर पालिका परिषद की भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ सोमवार को सख्त कार्रवाई की गई। कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत गंज रोड स्थित एक मंदिर के समीप नगर पालिका की जमीन पर बनाई जा रही अवैध दुकान ...
एटा। मे नगर पालिका परिषद की भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ सोमवार को सख्त कार्रवाई की गई। कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत गंज रोड स्थित एक मंदिर के समीप नगर पालिका की जमीन पर बनाई जा रही अवैध दुकान को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंज रोड स्थित मंदिर के पास नगर पालिका परिषद की भूमि पर बिना किसी अनुमति के दुकान का निर्माण कराया जा रहा था। इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद अवैध निर्माण हटाने का निर्णय लिया गया।
सोमवार दोपहर करीब चार बजे नगर पालिका परिषद के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी व अन्य संसाधनों की सहायता से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया, हालांकि आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि जिस भूमि पर दुकान का निर्माण किया जा रहा था, वह नगर पालिका परिषद की संपत्ति है। इस पर अतिक्रमण करना नियमों के विरुद्ध है। नगर पालिका की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद के बाबू यशवीर ने बताया कि नगर पालिका की भूमि पर अवैध निर्माण की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा शहर भर में अभियान चलाकर सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को चिन्हित किया जा रहा है। जहां भी अवैध कब्जा या निर्माण मिलेगा, वहां निष्पक्ष रूप से कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंज रोड जैसे व्यस्त इलाके में अतिक्रमण की समस्या लगातार बनी रहती है। सड़क किनारे और सार्वजनिक भूमि पर अवैध दुकानों व निर्माण के कारण यातायात प्रभावित होता है और आम जनता को परेशानी होती है।
नगर पालिका की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यह संदेश गया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।