अलीगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / एटा
🚨 Breaking News | एटा

एटा: भूसे के ढेर में दबकर महिला की मौत : चारा निकालते समय हुआ हादसा, दो घंटे तक दबी रही मां; बेटी ने खोजकर निकाला

एटा | 02-Dec-2025 06:31 AM | 343 |
एटा
चारा निकालते समय हुआ हादसा, दो घंटे तक दबी रही मां; बेटी ने खोजकर निकाला

एटा जैथरा नगर के मोहल्ला सूर्य नगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भैंस को चारा निकालते समय भूसे का बड़ा ढेर गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान ओम सागर की पत्नी मीना के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे मीना भैंस को खिलाने के लिए भूसा निकाल रही थीं, तभी अचानक भारी मात्रा में भूसा उनके ऊपर आ गिरा। वह करीब दो घंटे तक ढेर के नीचे दबी रहीं, और घरवालों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

काफी देर बाद जब मीना दिखाई नहीं दीं, तो परिजनों ने उनकी खोज शुरू की। खोजबीन के दौरान बेटी अंजलि को भूसा बिखरा हुआ दिखा। शक होने पर उसने हाथ से भूसा हटाना शुरू किया, जहां उसे अपनी मां नीचे दबी हुई मिलीं। अंजलि की चीख सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर दौड़े और बड़ी मुश्किल से मीना को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी पर पूर्व नगर चेयरमैन विजेंद्र सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी रितेश ठाकुर को सूचना दी। पुलिस टीम ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतका के जेठ रमेश चंद्र ने बताया कि मीना रोज की तरह चारा निकाल रही थीं, तभी अचानक ढेर गिरने से यह दुर्घटना हो गई। थाना प्रभारी ने भी घटना की पुष्टि की है।
मीना के पति ओम सागर दूसरे प्रांत में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.