अलीगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / एटा
🚨 Breaking News | एटा

एटा में डायल 112 पुलिस टीम पर हमला : पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल, छह आरोपी हिरासत में

एटा | 20-Nov-2025 04:15 AM | 343 |
एटा
पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल, छह आरोपी हिरासत में

एटा के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के चमन नगरिया गांव में मंगलवार देर शाम डायल 112 पुलिस टीम पर हमला हुआ। आपसी झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों ने मारपीट और पथराव किया, जिसमें एक होमगार्ड और एक सिपाही घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
यह घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे हुई। पुलिस को चमन नगरिया गांव में लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जब मामले की जांच कर रही थी, तभी अचानक भीड़ जमा हो गई और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए और पुलिसकर्मियों से मारपीट की। इस हमले में पीआरबी यूपी 32 5586 पर तैनात होमगार्ड प्रेमपाल और सिपाही पंकज घायल हो गए। आरोपियों ने पुलिस की पीआरबी वैन के शीशे भी तोड़ दिए। घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अलीगंज नीतीश गर्ग सर्कल भर की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शांति व्यवस्था कायम की और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया है।

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों और पुलिस टीम के बीच अभद्रता और गरमागरम बहस दिखाई दे रही है। जानकारी के अनुसार, मारपीट में घायल हुए दिलशाद ने बताया कि उसे सलमान पुत्र सरवर ने मारा था। इसी पूछताछ के दौरान संजय नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचा और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.