एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार को दिनदहाड़े हुए ट्रिपल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। कोतवाली नगर क्षेत्र के नगला प्रेमी इलाके में दवा कारोबारी के घर में उनके पिता, पत्नी और बेटी की सिर कू...
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार को दिनदहाड़े हुए ट्रिपल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। कोतवाली नगर क्षेत्र के नगला प्रेमी इलाके में दवा कारोबारी के घर में उनके पिता, पत्नी और बेटी की सिर कूचकर हत्या कर दी गई, जबकि मां गंभीर हालत में घायल मिलीं।
मृतकों की पहचान गंगा सिंह उनकी बहू रत्ना देवी और पोती ज्योति के रूप में हुई है। गंगा सिंह की पत्नी श्यामा देवी खून से लथपथ हालत में कमरे में तड़पती मिलीं। सांस चलते देख पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब कारोबारी कमल सिंह का बेटा स्कूल से घर लौटा। कमरे में पंखा चलता देख उसने अंदर जाकर देखा, जहां तीनों के शव पड़े थे। यह दृश्य देखकर उसकी चीख निकल पड़ी। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
कमरे से खून से सनी इंटरलॉकिंग ईंट बरामद हुई है। आशंका है कि इसी ईंट से सिर कूचकर हत्या की गई। घटना के समय घर में चार ही लोग मौजूद थे। परिजन किसी पुरानी रंजिश से इनकार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए। कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस आसपास और घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर हमलावरों की तलाश में जुटी है।