महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

अधजला शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका—जांच में जुटी पुलिस : अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में दहशत, पुलिस ने तेज की जांच

महराजगंज | 22-Apr-2026 09:52 AM | 234 |
महराजगंज
अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में दहशत, पुलिस ने तेज की जांच

 

महराजगंज। जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सेमरा चंदौली में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात महिला का अधजला शव खेत में पड़ा मिला। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, पूरे इलाके में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम तथा एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए । मृत महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, शव बुरी तरह जला होने के कारण उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो रहा है। पुलिस के अनुसार शव को जलाने की कोशिश की गई है, जिससे मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। यही कारण है कि हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया,  घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और महिला की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि शव पूरी तरह जला हुआ है, जिससे पहचान कर पाना कठिन हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इस घटना को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.