महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के चिउटहां गांव में दो दिन पहले हुई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया, जब पुलिस की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर कड़ा विरोध जताया। भीड़ में शामिल लोगो...
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के चिउटहां गांव में दो दिन पहले हुई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया, जब पुलिस की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर कड़ा विरोध जताया। भीड़ में शामिल लोगों का आरोप था कि पुलिस ने मामले में पक्षपातपूर्ण ढंग से कार्रवाई की है, जिसके चलते पीड़ित पक्ष के लोगों में गहरी नाराजगी है।सूचना मिलते ही देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाओं और युवाओं के साथ सड़क पर उतर आए और वाहनों की आवाजाही रोक दी। जाम की वजह से स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि रास्ते से गुजर रही एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे निकालने में पुलिस अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ लगातार पुलिस पर दबाव बनाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रही थी।चिउटहां गांव में हुए मारपीट के प्रकरण में पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर दिया, लेकिन दूसरे पक्ष द्वारा दी गई तहरीर पर ध्यान नहीं दिया गया। इस कथित उदासीनता से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जो घंटों तक जारी रहा। मौके पर पहुंचे सीओ सदर जयप्रकाश त्रिपाठी, एसओ सिंदुरिया और अन्य पुलिस टीमों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि दोनों पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जाम खुलवाने के प्रयास में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद सड़क यातायात बहाल हो सका। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे फिर से आंदोलन को बाध्य होंगे। फिलहाल, स्थिति सामान्य है लेकिन गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।