महराजगंज। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चेनप्पा ने बुधवार को महराजगंज जनपद का दौरा कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की। इस दौरान उ...
महराजगंज। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चेनप्पा ने बुधवार को महराजगंज जनपद का दौरा कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट एवं सख्त दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने कहा कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने अवैध शराब निर्माण व बिक्री, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी तथा लव जिहाद जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लूट, नकबजनी और वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए, किसी भी वारदात के घटित होने पर त्वरित और प्रभावी अनावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डीआईजी चेनप्पा ने मिशन शक्ति, एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला हेल्पडेस्क की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने 1090, 112, 108 और यूपी कॉप (UPCOP) जैसी सेवाओं के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया, ताकि महिलाएं और आम नागरिक बिना भय के पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकें। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए डीआईजी ने संबंधित इकाइयों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही यूपी-112 के कॉल रिस्पांस टाइम में सुधार लाने और सीएम डैशबोर्ड के मानकों को और बेहतर करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने आईजीआरएस (IGRS) में जनपद के प्रथम स्थान पर रहने को संतोषजनक बताया और इस उपलब्धि को बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी एस. चेनप्पा ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज के साथ परतावल चौक पर पैदल गश्त भी की। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से संवाद कर पुलिसिंग को और अधिक जनसुलभ बनाने पर बल दिया। इसके अतिरिक्त डीआईजी ने पुलिस लाइन का भी भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण, अनुशासन और संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि पुलिस बल और अधिक प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सके। डीआईजी के इस दौरे से जिले में पुलिसिंग को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों में सक्रियता बढ़ी है, वहीं आमजन में भी सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है।