महराजगंज न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / महराजगंज
🚨 Breaking News | महराजगंज

नेपाल कनेक्शन का पर्दाफाश: पुलिस और बाइक चोर गैंग में मुठभेड़ चोरी की चार बाइकें बरामद दो गिरफ्तार : एसओजी–स्वॉट टीम को मिली बड़ी सफलता, एक अपराधी को गोली लगने से घायल, दूसरा नेपाल निवासी आरोपी दबोचा गया

महराजगंज | 25-Nov-2025 08:43 AM | 234 |
महराजगंज
एसओजी–स्वॉट टीम को मिली बड़ी सफलता, एक अपराधी को गोली लगने से घायल, दूसरा नेपाल निवासी आरोपी दबोचा गया

महराजगंज- जिले में सुबह अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। नेपाल से जुड़े इस गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है, जिनमें से एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से चार चोरी की मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा, दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है प्राप्त समाचार के अनुसार, सोमवार सुबह लगभग चार बजे कोतवाली क्षेत्र के त्रिमुहानी इलाके में एसओजी, स्वॉट टीम, कोतवाली पुलिस और भिटौली थाना की संयुक्त टीम चेकिंग अभियान चला रही थी।

 पुलिस को सूचना मिली थी कि नेपाल कनेक्शन वाला एक सक्रिय गैंग इलाके में बाइक चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इसी दौरान संदिग्ध हालत में बाइक पर सवार दो युवक पुलिस टीम की नजर में आए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों संदिग्ध भागने लगे और भागते समय पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान आशीष निषाद (32 वर्ष), निवासी फैजाबाद के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरा आरोपी दिनानाथ निषाद (28 वर्ष) नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है, जो लंबे समय से चोरी की मोटरसाइकिलों को नेपाल में बेचने के धंधे में शामिल था। 

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी महराजगंज, गोरखपुर और संतकबीरनगर में बाइक चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी पहचान और केस विवरण की जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने एक अवैध 315 बोर का तमंचा, दो खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी कब्जे में लिया है। पुलिस का दावा है कि गिरोह का नेपाल कनेक्शन मजबूत है और पूछताछ में अन्य सहयोगियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नेपाल–भारत सीमा से लगे क्षेत्रों में इस तरह के अपराधों पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमें सक्रिय की गई हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और चौकसी बढ़ा दी गई है। प्रमुख मार्गों पर वाहनों की चेकिंग तेज कर दी गई है और सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े और भी बड़े खुलासे किए जा सकते हैं।
 

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.