महराजगंज- जिले में महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को शिव मंदिरों में श्रद्धा, आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में मनाया गया। भोर से ही विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की...
महराजगंज- जिले में महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को शिव मंदिरों में श्रद्धा, आस्था और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में मनाया गया। भोर से ही विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी - लंबी कतारें लग गईं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से समूचा वातावरण भक्तिमय हो उठा। जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों में पंचमुखी प्राचीन शिव मंदिर इटहिया, प्राचीन शिव मंदिर कटहरा, प्राचीन शिव मंदिर दरहटा, भगवानपुर शिव मंदिर ,बडहरामीर एवं सिसवा शिव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महिला एवं पुरुष श्रद्धालु अलग-अलग कतारों में व्यवस्थित ढंग से खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर भांग, धतूरा, बेलपत्र, दूध, गन्ना, बेर एवं गंगाजल अर्पित किया तथा जनपदवासियों के सुख, शांति, अमन-चैन और समृद्धि की कामना की। साथ ही धूप-अगरबत्ती एवं कपूर प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मेले में आए श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य के साथ प्रसाद, पूजन सामग्री एवं अन्य वस्तुओं की खरीदारी कर मेले का आनंद लिया। बच्चों और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।महाशिवरात्रि के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी मंदिर परिसरों एवं मेला स्थलों पर महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए। मेले की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जा रही थी, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके और कहीं भी अव्यवस्था न होने पाए। इस दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने संयुक्त रूप से विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने समय-समय पर निरीक्षण कर आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।