महराजगंज जिले के सीमावर्ती क्षेत्र ठूठीबारी में बीते मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान गोवंशीय पशुओं से भरी पिकअप पलट गई जिसे छोड़कर फरार हुए तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है...
महराजगंज जिले के सीमावर्ती क्षेत्र ठूठीबारी में बीते मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान गोवंशीय पशुओं से भरी पिकअप पलट गई जिसे छोड़कर फरार हुए तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। बरगदवा पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को ठूठीबारी क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और भागने लगा। पीछा करने के दौरान तेज रफ्तार के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में लदे चार गोवंशीय पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य पशुओं को पुलिस ने जीवित बरामद किया। घटना के बाद वाहन सवार तस्कर मौके से फरार हो गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। इसी क्रम में बुधवार की रात करीब 7.50 बजे पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर चकरार महावनाला पुलिया के पास से रामनयन यादव निवासी शिवपुरी टोला, श्रीनगर थाना परसामलिक तथा सराकत निवासी फटकदौना खास, थाना खड्डा, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया। इसके बाद गुरुवार की सुबह करीब 6.30 बजे जयप्रकाश राम निवासी ग्राम बैरी स्थान, थाना पीपरासी, जनपद पश्चिमी चंपारण (बिहार), हाल मुकाम ग्राम बहिरी स्थाना, थाना हनुमानगंज, जनपद कुशीनगर को श्मशानघाट चकरार रोड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों आरोपितों ने गोवंशीय तस्करी में संलिप्तता की बात स्वीकार की है।बरगदवां थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। इस संयुक्त कार्रवाई में बरगदवा पुलिस के साथ एसओजी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक योगेश कुमार सिंह तथा स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश प्रताप सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में गो-तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।