मुज़फ्फरनगर जनपद के ककरौली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से सांप्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक आपत्तिजनक वीडियो, जो कथित तौर पर पाकिस्तान से संबंधित था,...
मुज़फ्फरनगर जनपद के ककरौली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से सांप्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक आपत्तिजनक वीडियो, जो कथित तौर पर पाकिस्तान से संबंधित था, को स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल कर लोगों को भड़काने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान नवाब राणा, अयूब और सलीम के रूप में हुई है। इन तीनों पर आरोप है कि इन्होंने व्हाट्सएप व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक ऑडियो और वीडियो क्लिप्स साझा किए, जिनका मकसद समुदाय विशेष को उकसाना और जनपद में शांति व्यवस्था को बिगाड़ना था।
ककरौली थाना प्रभारी के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो का स्रोत पाकिस्तान से है और इसे जानबूझकर स्थानीय लोगों को भड़काने के लिए प्रसारित किया गया। पुलिस ने आईटी एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसएसपी मुज़फ्फरनगर ने कहा कि जनपद में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रख रही है और आमजन से भी अपील की गई है कि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच कर लें।