रायबरेली/उत्तर प्रदेश।भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर “कोई मतदाता न छूटे” अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसके तहत 0...
रायबरेली/उत्तर प्रदेश।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर “कोई मतदाता न छूटे” अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसके तहत 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित की गई आलेख्य मतदाता सूची को लेकर आम मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 18 जनवरी 2026, रविवार को प्रदेश के प्रत्येक मतदान बूथ पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा आलेख्य मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और सभी अपने नाम की सही स्थिति की जांच कर सकें।
निर्वाचन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने-अपने बूथ पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यह कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान BLO द्वारा न केवल मतदाता सूची पढ़ी जाएगी, बल्कि मतदाताओं को आवश्यक जानकारी भी दी जाएगी।
चुनाव आयोग के अनुसार, ऐसे मतदाता जिनके नाम मृत्यु, स्थानांतरण, अनुपस्थिति, दोहरी प्रविष्टि या गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर न करने के कारण आलेख्य मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उनके नाम भी सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाए जाएंगे ताकि किसी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते सुधार कराया जा सके।
यदि किसी मतदाता का नाम आलेख्य मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को जमा कर सकता है या फिर voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। वहीं यदि मतदाता सूची में दर्ज विवरण में कोई त्रुटि है, तो उसके सुधार के लिए फॉर्म-8 भरने की सुविधा भी उपलब्ध है।
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 भी जारी किया है। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए मतदाता इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अन्य जनपदों से कॉल करने के लिए संबंधित जनपद का एसटीडी कोड लगाकर 1950 डायल किया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश ने नागरिकों से अपील की है कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सभी पात्र मतदाता अपने नाम की जांच अवश्य करें और यदि कोई कमी हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते उसे ठीक कराएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए सही मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है।
निर्वाचन विभाग की इस पहल को मतदाता जागरूकता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।