रायबरेली साइबर क्राइम पुलिस ने म्यूल खाते खुलवाकर साइबर फ्रॉड की रकम ट्रांसफर करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। कई धाराओं में मुकदमा दर्ज, पूर्व में तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।रायबरेली...
रायबरेली साइबर क्राइम पुलिस ने म्यूल खाते खुलवाकर साइबर फ्रॉड की रकम ट्रांसफर करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया। कई धाराओं में मुकदमा दर्ज, पूर्व में तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
रायबरेली। जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल खाते खुलवाकर साइबर फ्रॉड की धनराशि विभिन्न खातों में ट्रांसफर करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रायबरेली श्री रवि कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में 02 मार्च 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान अभियुक्त संदीप सिंह पुत्र सुरेश सिंह निवासी ग्राम जरिया, थाना गुरुबक्शगंज, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी फर्म के नाम से बैंक खाते खुलवाता था और साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को उन खातों के माध्यम से इधर-उधर ट्रांसफर कर असली स्रोत को छिपाने का काम करता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले ठगी की रकम फर्जी फर्म के खाते में जमा कराते थे, इसके बाद उसे अलग-अलग खातों में बांट दिया जाता था।
मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई।
इससे पहले भी इस गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
रायबरेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध कॉल की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।