रायबरेली: ऊँचाहार पुलिस ने चोरी की घटना का किया सफल अनावरण अजीत यादव 9369114113रायबरेली | ऊँचाहारऊँचाहार थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का सफल अनावरण करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार...
रायबरेली: ऊँचाहार पुलिस ने चोरी की घटना का किया सफल अनावरण
अजीत यादव 9369114113
रायबरेली | ऊँचाहार
ऊँचाहार थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का सफल अनावरण करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की नकदी, सफेद धातु के सिक्के तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह कार्रवाई जनपद रायबरेली में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 दिसंबर 2025 को थाना ऊँचाहार क्षेत्र के जमुनापुर चौराहे स्थित एक ज्वेलरी दुकान में अज्ञात चोरों द्वारा रात्रि के समय ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। चोरों ने दुकान से लगभग 15 हजार रुपये नकद, 9 ग्राम सोना गलाने का सामान तथा करीब 800 ग्राम पुरानी टूटी-फूटी चांदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में पीड़ित द्वारा थाना ऊँचाहार पर लिखित तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा संख्या 481/2025 धारा 305/331(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया।
पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान लगातार सुरागरसी और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 07 जनवरी 2026 को थाना ऊँचाहार पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवकुमार चौहान पुत्र रामधनी, निवासी काटीहार मजरे भाव थाना भदोखर जनपद रायबरेली तथा रमेश चौहान पुत्र जगदीश चौहान, निवासी रंभा का पुरवा मजरे गंगोली थाना ऊँचाहार जनपद रायबरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 33 अदद सफेद धातु के सिक्के, 4050 रुपये नकद तथा एक मोटरसाइकिल (वाहन संख्या UP33 AH 8582) बरामद की है, जिसे धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
गिरफ्तारी की यह कार्रवाई थाना ऊँचाहार पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसमें उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव, उपनिरीक्षक सुजीत कुमार यादव, आरक्षी विशाल कुमार एवं आरक्षी प्रेमवीर शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।