गौतम मौर्य हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 और आरोपी गिरफ्तार : पिता-पुत्र समेत रिश्तेदार पुलिस के हत्थे चढ़े, पहले ही मुख्य आरोपी समीर हो चुका है गिरफ्तार
शाहजहांपुर। कांट थाना पुलिस ने चर्चित गौतम मौर्य हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में लियाकत अली, उसका पुत्र तदीम और रिश्तेदार राजा शामिल हैं। इससे पहले इस मामले का मुख्य आरोपी समीर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को गौतम मौर्य की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना कांट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान लियाकत अली, तदीम और राजा की कथित संलिप्तता सामने आई।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर थाना कांट पुलिस ने ददरौल रोड स्थित शीशम और जामुन के पेड़ों के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने समीर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि घटना की योजना पहले से बनाई गई थी और समीर ने गौतम को बहाने से घटनास्थल पर बुलाया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में थाना कांट पुलिस टीम द्वारा की गई।