देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

ओवरब्रिज की ढलाई के दौरान दक्षिणी हिस्से की शटरिंग भरभराकर गिरी, टला हादसा : निगम सेतु की लापरवाही

देवरिया | 30-Sep-2026 06:11 PM | 548 |
देवरिया
निगम सेतु की लापरवाही

ओवरब्रिज की ढलाई के दौरान दक्षिणी हिस्से की शटरिंग भरभराकर गिरी, टला हादसा
भटनी, देवरिया। नगर पंचायत भटनी बाईपास स्थित 115 गेट के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के दक्षिणी हिस्से में बुधवार को ढलाई के दौरान शटरिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। शटरिंग गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि ओवरब्रिज के दक्षिणी हिस्से में ढलाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान शटरिंग अचानक टूटकर नीचे आ गिरी। शटरिंग गिरने की तेज आवाज से आसपास मौजूद लोग सहम गए। बाईपास पर लगातार वाहनों और राहगीरों की आवाजाही को देखते हुए घटना ने निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और निगरानी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि ढलाई के दौरान कोई कर्मचारी या राहगीर शटरिंग के नीचे मौजूद होता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
सरकार की ओर से विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में निर्माणाधीन ओवरब्रिज की ढलाई के दौरान शटरिंग का गिरना कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय निगरानी को लेकर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर शटरिंग गिरने के कारणों की जांच कराने की मांग की है।
लोगों ने कार्यदायी संस्था और विभागीय अधिकारियों से निर्माण सामग्री व शटरिंग की गुणवत्ता की जांच कराने, निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा ओवरब्रिज निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की नौबत न आए।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.