दहेज प्रताड़ना व हत्या के प्रयास के आरोपी पति गिरफ्तार
दहेज प्रताड़ना व हत्या के प्रयास के आरोपी पति गिरफ्तार, हथौड़ी बरामद
देवरिया। बनकटा थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद की है। आरोपी की पहचान कुन्दन कुमार जायसवाल (38) निवासी दास नरहिया, थाना बनकटा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को पीड़िता की मां ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया। इस संबंध में बनकटा थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान धाराओं में संशोधन करते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोहनपुर अंडरपास के पास से आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घर के सामने झाड़ियों में छिपाई गई घटना में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में बनकटा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।