PHM NEWS

गोरखपुर में सपा कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से भिड़ंत के बाद कई हिरासत में

प्रकाशित: 12 Aug 2025

गोरखपुर। पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को सपा कार्यकर्ताओं ने शास्त्री चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाज़ी की।

धरना स्थल पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन खत्म करने का प्रयास किया, इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की हो गई। मौके पर मौजूद एक पुलिस इंस्पेक्टर द्वारा कार्यकर्ताओं को धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप भी लगाया गया।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें शांतिपूर्ण तरीके से धरना देने से रोका और गाली-गलौज की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने दर्जनभर से अधिक सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, वहीं सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर अखिलेश यादव को रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।