PHM NEWS

नगर आयुक्त अजय जैन का चरगावां गारबेज ट्रांसफर स्टेशन और महेसरा सीएंडडी वेस्ट सेंटर का निरीक्षण, दिए महत्वपूर्ण निर्देश

प्रकाशित: 19 Jun 2026

गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने शनिवार को चरगावां स्थित गारबेज ट्रांसफर स्टेशन तथा महेसरा स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट सेंटर का निरीक्षण कर कचरा प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा तकनीक आधारित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
चरगावां गारबेज ट्रांसफर स्टेशन के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने यहां से संचालित होने वाले सभी कचरा वाहनों में अनिवार्य रूप से आरएफआईडी (RFID) टैग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे वाहनों की गतिविधियों और कचरे के परिवहन की निगरानी अधिक सटीक ढंग से की जा सकेगी। साथ ही ट्रांसफर स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नगर निगम के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से वाहनों के वजन और कचरे की मात्रा पर नजर रखी जा सके।
इसके बाद उन्होंने महेसरा स्थित सीएंडडी वेस्ट सेंटर का निरीक्षण किया। यहां परिसर में उगी घास की सफाई और भूमि को समतल कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि निर्माण एवं ध्वस्तीकरण अपशिष्ट से इंटरलॉकिंग टाइल्स और बेंच तैयार किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने इन टाइल्स का स्ट्रेंथ टेस्ट कराने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने की बात कही।
उन्होंने यह भी पाया कि प्लांट की मशीनें खुले में रखी हुई हैं, जिससे उनके खराब होने की आशंका बनी रहती है। इस पर मशीनों के ऊपर शेड लगाने और नियमित सर्विसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परिसर में पाथवे, पौधारोपण और गार्डन विकसित कर इसे पर्यावरण अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जाएंगी।