PHM NEWS

समाजवादी पार्टी के नेता कैश खान को पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रकाशित: 04 Sep 2025

कन्नौज। समाजवादी पार्टी के नेता कैश खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें एक महीने पहले ही जिला बदर किया गया था, लेकिन आदेश की अवहेलना करते हुए वे जिले में ही मौजूद थे।

सूत्रों के मुताबिक, सदर क्षेत्र के बालापीर स्थित उनके घर पर पुलिस ने दबिश दी। शुरू में घर का दरवाज़ा बंद था और कैश खान अंदर छिपकर बिस्तर पर लेटे हुए थे। पुलिस ने तलाशी के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिख रहा है कि पुलिस उन्हें घर के भीतर से बाहर लेकर आई।

कन्नौज पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिला बदर का आदेश पहले ही जारी किया जा चुका था और उसका पालन करना कैश खान की ज़िम्मेदारी थी। आदेश उल्लंघन करने पर अब उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। फिलहाल उन्हें पुलिस कस्टडी में रखा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्थानीय सूत्र बताते हैं कि पुलिस उनकी गतिविधियों पर लंबे समय से नज़र रखे हुए थी। आशंका थी कि वे गुपचुप तरीके से घर में रह रहे हैं। आखिरकार बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई कर दी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इस घटना से जिले की राजनीति में हलचल मच गई है। समाजवादी पार्टी से जुड़े नेताओं का आरोप है कि प्रशासन जानबूझकर उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून से बड़ा कोई नहीं है और आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

अब सबकी नज़रें इस पर टिकी हैं कि कोर्ट जिला बदर आदेश के उल्लंघन को किस नज़रिए से देखता है और कैश खान अपनी दलीलों के जरिए क्या बचाव करते हैं।