श्रावण मास व चेहल्लुम को लेकर शोहरतगढ़ में पीस कमेटी की बैठक : एसडीएम व सीओ मयंक द्विवेदी ने धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ की बैठक
श्रावण मास व चेहल्लुम को लेकर शोहरतगढ़ में पीस कमेटी की बैठक अधिकारियों ने सौहार्द बनाए रखने की अपील
संवाददाता : अर्जुन कुमार अग्रहरी
सिद्धार्थनगर :आगामी श्रावण मास एवं चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को शोहरतगढ़ क्षेत्राधिकारी कार्यालय में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ एवं क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने की। इस दौरान थाना शोहरतगढ़ के प्रभारी निरीक्षक सहित क्षेत्र के धर्मगुरु मौलवी एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों ने शासन एवं उच्चाधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया
क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं एवं नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की।
बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।