शोहरतगढ़ में 1350 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान : विधायक विनय वर्मा ने बांटी दीपावली की खुशियां
शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर : दीपावली के पावन अवसर पर शोहरतगढ़ नगर पंचायत स्थित शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शोहरतगढ़ जोगिया (आंशिक) नौगढ़ (आंशिक) और बर्डपुर (आंशिक) ब्लॉक की लगभग 1350 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिका बहनों को विधायक विनय वर्मा ने अपनी धर्मपत्नी बबिता वर्मा के साथ साड़ी और मिठाई भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं सभी संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों सीडीपीओ ने विधायक विनय वर्मा बबिता वर्मा और शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रबंधक राजा योगेंद्र प्रताप सिंह सहित मंच पर उपस्थित अतिथियों का माल्यार्पण और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।
विधायक विनय वर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के पोषण स्वास्थ्य प्रारंभिक शिक्षा तथा मातृ-शिशु कल्याण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर समाज के निर्माण में योगदान दे रही हैं। उनके कार्यों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल उपहार वितरण का कार्यक्रम नहीं बल्कि मातृशक्ति के प्रति सम्मान स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
कार्यक्रम में शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रबंधक राजा योगेंद्र प्रताप सिंह प्राचार्य डॉ. अरविंद सिंह शिवपति इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी
शोहरतगढ़ जोगिया नौगढ़ और बर्डपुर के सीडीपीओ एवं उनकी टीमें नगर के व्यापारी तथा भाजपा अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में विधायक ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहायिकाओं और उनके परिवारजनों को दीपावली एवं छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
PHM NEWS हर खबर सच के साथ