मिशन शक्ति 6.0 छात्रा साक्षी यादव बनीं एक दिन की थाना प्रभारी, खेसरहा थाने में संभाली जिम्मेदारी : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पचमोहनी की छात्रा ने सुनी फरियादियों की समस्याएं
सिद्धार्थनगर : मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को थाना खेसरहा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पचमोहनी की छात्रा साक्षी यादव को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। छात्रा ने थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना।
कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश पर, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेंदु सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसमें मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर सोनम मोदनवाल का सहयोग रहा।
पुलिस की कार्यप्रणाली से कराया गया परिचित
एक दिन की थाना प्रभारी बनीं साक्षी यादव को थाने में होने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई। उन्हें सीसीटीएनएस (CCTNS) पर होने वाले कार्य, मालखाना, कार्यालय कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर सेल, पुरुष एवं महिला बंदीगृह तथा थाने में रखे जाने वाले विभिन्न रजिस्टरों की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। थाना परिसर का भ्रमण कराकर पुलिस व्यवस्था और जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, पुलिस व्यवस्था के प्रति समझ विकसित करना और उन्हें अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पचमोहनी से आई छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी सोशल मीडिया सुरक्षा और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी।
छात्राओं को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक फोन कॉल और संदेशों के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना सकते हैं। ओटीपी पासवर्ड एटीएम या डेबिट कार्ड का विवरण तथा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी, आपत्तिजनक पोस्ट, साइबर बुलिंग और निजी फोटो या वीडियो के दुरुपयोग से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक न करने मजबूत पासवर्ड रखने मोबाइल और डिजिटल उपकरणों को सुरक्षित करने तथा ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल भुगतान के दौरान सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
कार्यक्रम में बताया गया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है।
छात्राओं को विभिन्न जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई:
112 पुलिस आपातकालीन सेवा to 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन 108 एंबुलेंस सेवा 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन 102 स्वास्थ्य सेवा
मिशन शक्ति के तहत जागरूकता पर जोर
पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना और महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। एक दिन की थाना प्रभारी बनाने जैसी पहल से बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में थाना खेसरहा के प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक जियाउल्लाह सिद्दीकी, उपनिरीक्षक चंद्रिका प्रसाद मौर्य, कांस्टेबल श्री प्रकाश, महिला कांस्टेबल गुंजन सेन और कुमकुम वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।